बेशर्मी की हदें पार, Expressway पर खुलेआम ‘आशिकी’ करता दिखा कपल, वीडियो वायरल

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे के सेक्टर 94 के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो देखकर हर कोई हैरान है कि एक कपल आखिर ऐसा कैसे कर सकते हैं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक बाइक चला रहा है जबकि युवती उसके आगे उल्टी दिशा में बैठकर पहले उसको गले लगा रही है फिर किस कर रही है। ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले बाइक सवार का 53,500 का चालान ट्रैफिक पुलिस की तरफ से काटा गया है।

आए दिन वायरल होते हैं वीडियो
यह कोई पहला मामला नहीं है जब कपल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इससे पूर्व भी नामी यूनिवर्सिटी में किस करते हुए कपल का वीडियो वायरल हुआ था। अश्लील वीडियो के अलावा नोएडा में स्टंट करने के वीडियो आए दिन वायरल होते रहते हैं। ट्रैफिक पुलिस की तरफ से भारी भरकम चालान भी किए जाते हैं, इसके बावजूद रईसजादे सुधरने का नाम नहीं लेते हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए अभिभावकों को अपनी भूमिका तय करनी होगी, अन्यथा आने वाले दिनों में परिणाम और भी गंभीर हो सकते हैं।

कार सवार युवक ने बनाया है वीडियो
वायरल वीडियो 5 सेकंड का है, जिसे एक्सप्रेस वे से गुजरने वाले कार में सवार एक युवक ने बनाया है। वीडियो बनाते हुए युवक आशिकी 2 कहकर कपल को बुला रहा है। वायरल वीडियो को सोशल मीडिया पर भारी संख्या में लोग देख रहे हैं। वायरल वीडियो में जिस बाइक पर कपल बैठे हुए हैं वह दिल्ली के एड्रेस पर रजिस्टर है। ऐसे में आशंका है कि कपल दिल्ली के ही रहने वाले हैं। वह ग्रेटर नोएडा की किसी यूनिवर्सिटी में पढ़ते हैं और यहां से वापस दिल्ली जा रहे थे तभी यह वीडियो बनाकर वायरल किया गया है।
लोगों को किया जाएगा जागरूक
पुलिस का कहना है कि बच्चों के अभिभावकों को इस मामले में अहम भूमिका निभाने की जरूरत है। कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों को जागरूक किया जाएगा कि उनकी इन हरकतों से उनके अभिभावकों को शर्मिंदगी महसूस करनी पड़ती है।



