बेटे की इस गलत हरकत से परेशान था पिता, सुपारी देकर कराई हत्या, फिर ऐसे छिपाया सबूत
कोतमा थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को एक 21 वर्षीय युवक का शव हाईवे किनारे खेत में मिला था। इस मामले में पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मर्ग कायम कर जांच कर रही थी। जहां मृतक की हत्या गला दबाने की वजह से होने की पुष्टि पीएम रिपोर्ट में होने के बाद पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की।

अनूपपुर। कोतमा थाना क्षेत्र में 21 सितंबर को एक 21 वर्षीय युवक का शव हाईवे किनारे खेत में मिला था। इस मामले में पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मर्ग कायम कर जांच कर रही थी। जहां मृतक की हत्या गला दबाने की वजह से होने की पुष्टि पीएम रिपोर्ट में होने के बाद पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर जो हकीकत सामने आई वह चौकाने वाली थी। मामले में जो बात सामने आई है उसमें पिता ने ही अपने पुत्र की सुपारी देकर हत्या कराई थी। आरोपी पिता ने वार्ड में रहने वाले एक युवक को 80 हजार रुपए में सुपारी देकर अपने पुत्र की हत्या को अंजाम दिया गया।
यह है मामला
कोतमा के वार्ड क्रमांक 4 सलीम ढाबा के पास 21 वर्षीय युवक विष्णु प्रजापति पिता रामप्रताप प्रजापति का शव पाया गया था। पुलिस ने इस मामले में धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ की तो पुलिस को पता लगा कि घटना वाले दिन मृतक अपने वार्ड के ही नितिन सोनी के साथ घूमता हुआ देखा गया था। जिसके बाद पुलिस ने नितिन से पूछताछ की तो घटना की साजिश का खुलासा हो गया।
पुत्र की हरकतों से परेशान था पिता
पुलिस ने बताया कि मृतक विष्णु प्रजापति जो कि आदतन शराबी था और आए दिन शराब के नशे में वह अपने पिता रामप्रताप प्रजापति से मारपीट करता रहता था। जिस वजह से पिता ने तंग आकर पुत्र की हत्या की सुपारी दे डाली। उसने वार्ड के ही नितिन सोनी पिता सत्यनारायण तथा 15 वर्षीय किशोर के साथ मिलकर घटना स्थल में विष्णु प्रजापति को पहले तो खूब शराब पिलाई। शराब के नशे में चूर होने के बाद दोनों आरोपियों ने विष्णु का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए उसके वाहन को उसके शव के ऊपर गिराकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता रामप्रताप प्रजापति, नितिन सोनी तथा 15 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।




