बुलंदशहर: होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, फ्लिपकार्ट वेयरहाउस सहित कई ठिकानों पर छापेमारी

बुलंदशहर। आगामी होली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरों के विरुद्ध बुलंदशहर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न हिस्सों में सघन छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं। इस अभियान के तहत तहसील सिकंदराबाद स्थित ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के वेयरहाउस पर हुई कार्रवाई ने हड़कंप मचा दिया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सिकंदराबाद स्थित फ्लिपकार्ट के वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। यहाँ भंडारण की स्थिति और उत्पादों की गुणवत्ता की जांच करते हुए टीम ने पतंजलि ब्रांड के गाय का घी, चिली सॉस, पंसारी ब्रांड का मल्टी सार्स खाद्य तेल, एपिस हिमालय ब्रांड का शहद और कच्ची घानी सरसों के तेल सहित कुल पांच नमूने लिए। जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य यह सामने आया कि जनवरी माह में यहाँ से पतंजलि घी का जो नमूना लिया गया था, उसका बिल मौके पर उपलब्ध नहीं मिला।

इसी कड़ी में एक दूसरी टीम ने शिकारपुर कस्बे में तहसील प्रशासन के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की। जिले भर में की गई इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल नौ नमूने संग्रहित किए गए हैं। विभाग ने इन सभी नमूनों को तत्काल सील कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है।

सहायक खाद्य आयुक्त विनीत कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से मिलावट का धंधा करने वाले सिंडिकेट में खलबली मची हुई है।



