देश

बिहार में सियासी बदलाव के बीच चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर लगे पोस्टर

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार में सियासी बदलाव की आहट के बीच अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उनके कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई जा रही है। इस मांग को लेकर बिहार भाजपा कार्यालय के बाहर पोस्टर भी लगाए गए हैं। दरअसल, एनडीए में शामिल लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान के कार्यकर्ताओं द्वारा इससे पहले भी इस तरह की मांगें उठाई जाती रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने के बाद यह तय हो गया है कि बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली होगी। इस बीच, चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के बाद सियासी तापमान बढ़ गया है। भाजपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर में लिखा गया है – ‘ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो।’ पोस्टर में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की खुलकर अपील की गई है। इसमें लिखा गया है – ‘सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल।’ पोस्टर में चिराग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘हनुमान’ बताए जाने की बात भी लिखी गई है। पोस्टर में लिखा गया है – ‘मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।’ पोस्टर के अंत में यह भी अपील की गई है कि बिहार मांगे चिराग, वक्त आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का। एनडीए की होगी सरकार, सीएम होगा सिर्फ चिराग, सिर्फ चिराग। इस पोस्टर में ‘बिहार फर्स्ट- बिहारी फर्स्ट’ भी लिखा गया है। बताया जा रहा है कि ये पोस्टर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के शेखपुरा जिला अध्यक्ष इमाम गजाली की ओर से लगवाए गए हैं। इस पोस्टर के जरिए लोजपा (रामविलास) यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि बिहार में एनडीए की सरकार में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाया जाए। इससे पहले पार्टी के सांसद अरुण भारती भी चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छा जता चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button