बिहार चुनाव में महागठबंधन को बड़ा झटका, नामांकन के बाद प्रत्याशी गिरफ्तार; जानें क्या है मामला

बिहार के गोपालगंज जिले में 103-भोरे सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र के भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा-माले) प्रत्याशी जितेंद्र पासवान ने बुधवार को हथुआ अनुमंडल मुख्यालय में आपना नामांकन पर्चा दाखिल किया, जिसके फौरन बाद पुलिस ने उन्हें एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

जितेंद्र पासवान ने भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा भोरे के निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में आज अपना नामांकन भरा, लेकिन कार्यालय के बाहर गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनका इंतजार कर रही थी। भाकपा-माले प्रत्याशी पासवान नामांकन पत्र जमा करने के बाद जैसे ही कार्यालय से बाहर निकले, वैसे ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने यहां बताया कि विजयीपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2017 में उनके खिलाफ एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में पासवान नामजद अभियुक्त बनाए गए थे और व्यवहार न्यायालय ने उनके विरुद्ध वारंट निर्गत किया था।इसलिए भाकपा माले प्रत्याशी श्री पासवान को आज नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पिछले वारंट के आधार पर गिरफ्तारी कर लिया गया।




