बिना नक्शा के निर्माण मामले में सपा सांसद बर्क की बढ़ रहीं मुश्किलें, पुलिस बल की मौजूदगी में हुई नापजोख
संभल की एसडीएम वंदना मिश्रा ने बताया कि सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के यहां अधिकारी पैमाइश करने पहुंचे थे। बिना अनुमति के नवनिर्माण के मामले में अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान जरूरी जानकारियां जुटाई गईं।
एसडीएम ने 18 मार्च को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता को जांच टीम में शामिल कर तीन दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। हालांकि समय सीमा समाप्त होने के बावजूद 22 मार्च तक रिपोर्ट नहीं सौंपने पर अब मामले की सुनवाई 5 अप्रैल को निर्धारित की गई है। इस संबंध में सांसद के आवास पर नोटिस भी चस्पा कराया गया था।

सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क द्वारा बिना नक्शा पास कराए मकान निर्माण वाले मामले में सोमवार को जांच टीम सांसद के आवास पहुंची। यहां पर जमीन की नाप-जोख की गई। इस दौरान अधिकारी भी मौजूद रहे। मौके पर भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि किसी तरह की दिक्कत नहीं हो सके। इसकी रिपोर्ट एसडीएम को दी जाएगी।

इसके बाद अवैध निर्माण मामले में कार्रवाई आगे बढ़ेगी। इस प्रकरण में 11 दिसंबर 2024 को नोटिस जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि सांसद के आवास में बिना अनुमति निर्माण किया गया है। नक्शा भी पास नहीं कराया गया।



