
गुडग़ांव। बिजली कर्मचारियों से मारपीट करने के विरोध में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को बिजली कर्मचारियों ने पटौदी सब डिविजन परिसर में धरने का आयोजन किया। सब यूनिट प्रधान रामपाल एवं उम्मेद सिंह ने बताया कि गत 22 अप्रैल को सब डिविजन में कार्यरत बिजली कर्मचारियों कुलदीप, सतीश एवं महेश के साथ एक उपभोक्ता ने बदतमीजी कर गाली-गलौंच की और उनके साथ मारपीट भी की। हालांकि पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली है। उनका कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ही यह धरना दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्यवाही की जाए, अन्यथा बिजली कर्मचारियों का यह धरना जारी रहेगा। धरने पर बैठे कर्मचारियों को कर्मचारी नेता सुदाम पाल, संजय सैनी, सुशील शर्मा, आनंद, सतेंद्र, परमजीत, सुखबीर आदि ने संबोधित किया।




