
बिजनौर। बिजनौर में नेशनल हाईवे-74 पर एक तेज रफ्तार कार व ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई । इस हादसेमें कार सवार दो लोगों की मौत भी हुई है , जबकि छह लोग घायल हो गए।

पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है । घायलों में तीन की हालत गम्भीर बताई जा रही है।

उक्त हादसा थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के हाईवे-74 पर सेंट मेरी स्कूल के पास मंगलवार की सुबह 6 बजे हुआ । ईटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्राली पलट गई, वही कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार राजेन्द्र सिंह (51 वर्ष) पुत्र श्याम सिंह निवासी वीरु वाला थाना नजीबाबाद जनपद बिजनौर की मौके पर ही मौत हो गई ,जबकि एक घायल वेद पाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया | इस दुर्घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों में कार चालक गुलफाम (24 वर्ष) ,मोहम्मद दानिश (28 वर्ष), जाकिर ( 36 वर्ष), तालिब 27 , तथा जावेद सहित छह लोग घायल हुए हैं। कार सवार भागुवाला से काशीपुर में शादी में शामिल होने जा रहे थे जबकि ट्रैक्टर पर सवार ईंट भट्ठा मजदूर ईंट उतरवाने जा रहे थे | पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग सुचारू रूप से खुलवाया ।



