बिजनौर पटाखा फैक्ट्री में लगी आग से लाखों का सामान जला

बिजनौर। उत्तर प्रदेश में शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव बख्शीवाला में शुक्रवार को एक पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी ने भी घटनास्थल का दौरा कर जांच पड़ताल की।

सीओ सिटी ने बताया कि गांव बख्शीवाला में बुंदु की पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई। जिस वक्त आग लगी थी फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक तिल्ली बमों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग लगने से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। भारी संख्या में तिल्ली बमों के साथ-साथ फैक्ट्री में रखी कुर्सियां और मेजें भी जल गईं। कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी ने भी घटनास्थल का दौरा कर जांच पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में इस घटना में कोई मजदूर नही झुलसा, जनहानि नहीं हुई है। फैक्ट्री के पास वैध, लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।



