बागपत पुलिस लाईन में मनाया गया दसवां अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव
बागपत पुलिस लाईन में दसवां अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित किया गया। इस आयोजन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिवारों ने भाग लिया।

बागपत। बागपत पुलिस लाईन में दसवां अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव आयोजित किया गया। इस आयोजन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिवारों ने भाग लिया।

संस्कृत महाविद्यालय बरनावा के प्राचार्य अरविन्द शास्त्री ने पवित्र ओम् ध्वनि व भजन गायन के साथ सत्र की शुरुआत की। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के प्रोटोकॉल के अनुसार यौगिक क्रियाओं का वरिष्ठ योग प्रशिक्षक प्रदीप कुमार गठीना ने निर्देशन किया व वरिष्ठ योग प्रशिक्षक तिलकराम व विनीत चौहान ने संयुक्त रूप से सभी यौगिक क्रियाओं का अभ्यास कराया। उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिवारजनों को प्रशिक्षकों ने विभिन्न यौगिक क्रियाओं जैसे- ग्रीवा संचालन,स्कन्ध संचालन, ताड़ासन,वृक्षासन, पादहस्तासन,वज्रासन, शशकासन,भुजंगासन, सेतुबन्धासन, उष्ट्रासन,भद्रासन,वज्रासन, वक्रासन,शलभासन,त्रिकोणासन, अर्द्धहलासन,नौकासन,पवनमुक्तासन,शवासन आदि आसन तथा प्राणायाम व श्वसन क्रिया में कपालभाँति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर प्रज्ञा योग-केन्द्र के बालकों ने संगीतमय कठिन योग-आसनों का प्रदर्शन किया। साथ ही योग-प्रशिक्षक सुशील त्यागी के निर्देशन में लक्ष्य पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने कठिन क्रियाओं का प्रदर्शन किया। विनीत चौहान के पुत्र व पुत्री- प्रणव चौहान व देवांशी चौहान ने मंच पर सूर्यनमस्कार,सुप्तवज्रासन, हलासन जैसी कठिन यौगिक क्रियाओं को किया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षक विनीत चौहान ने योग-सत्र समापन पूर्व योग-दिवस की शुभकामनाएं दी।उन्होंने कहां कि पुलिस वालों की ड्यूटी कठिन होती है,जिस कारण वे और उनके परिवार मानसिक कष्ट सहन करते हैं ,अतएव उन्हें व उनके परिवारों को नियमित योग करना चाहिए ताकि वे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहें।चूंकि योग शारीरिक रूप से सशक्त बनाता है साथ ही मानसिक संतुलन प्रदान करता हैं। अरविन्द शास्त्री जी ने योग के विभिन्न पक्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मानसिक शांति प्रदान करता हैं। उन्होंने प्रवृति व निवृति विषय को समझाते हुए कहा कि प्रवृति जहां केवल सुख प्रदान करती है वही निवृति सुख और शांति दोनों प्रदान करती है। श्री शास्त्री जी ने शांति पाठ के साथ सत्र का समापन कराया।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजवर्गीय ने प्राचार्य श्री अरविन्द शास्त्री,योग प्रशिक्षक- श्री तिलकराम वशिष्ठ, विनीत चौहान व प्रदीप कुमार को शॉल ओढाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
आज के कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, वामा सारथी अध्यक्षा संपदा विजवर्गीय,अपर पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाईन राधे-श्याम यादव,क्षेत्राधिकारी लाईन प्रीता सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी सहित उनके परिवार उपस्थित रहें।


