बांदा में दोस्त की पत्नी से अफेयर, रास्ते से हटाने के लिए खेला खूनी खेल, बेवफा पत्नी ने भी दिया साथ

बांदा। जनपद में चार माह पूर्व तीन मार्च को हुई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अवैध संबंधों में रोड़ा बनने पर मृतक के दोस्त ने ही हत्या की थी। हत्या के आरोपी के मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस लाइन सभागार में अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र और सीओ बबेरू राकेश सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र के पल्हरी गांव में तीन मार्च को देवेंद्र पटेल की धारदार हथियार से काटकर हत्या की गई थी।

जांच में पता चला कि कैरी गांव निवासी मृतक देवेंद्र उर्फ गोलू बचपन से ही पल्हरी गांव निवासी नाना जसवंत पटेल के यहां रहता था। देवेंद्र की पत्नी कल्पना भी रहती थी। पल्हरी गांव का ही रवि कुशवाहा देवेंद्र का खास दोस्त था। रवि का प्रेम प्रसंग देवेंद्र की पत्नी से चल रहा था।
इसकी जानकारी पर देवेंद्र ने पत्नी को कई बार समझाया था। एक-दो बार उसकी रवि से कहासुनी भी हुई थी। इसके चलते पत्नी और दोस्त रवि ने देवेंद्र की हत्या की साजिश रची। घटना के दिन देर शाम रवि और देवेंद्र गांव के पास तालाब किनारे शराब पीने गए थे।
इसी दौरान रवि ने पहले से छिपाकर रखे गंडासे से गला काटकर हत्या कर दी थी। आलाकत्ल लेकर फरार हो गया था। उसने साक्ष्य को मिटाने के लिए गंडासे को पत्थर से रगड़कर दुकान के खपरैल में छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल भी बरामद कर लिया गया है। हत्या में मृतक की पत्नी की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।



