uttar pradesh

बहराइच में प्रतिबंधित कोडीन सिरप की भारी खेप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; क्रेटा कार से चल रहा था बड़ा नेटवर्क

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में अवैध और प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई हुई है। देवीपाटन मंडल के सहायक औषधि आयुक्त मुकेश जैन को लखनऊ स्थित औषधि प्रशासन कार्यालय से सूचना मिली थी कि कोडीन युक्त सिरप अवैध तरीके से खरीदा जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के सलारगंज में मोहम्मद अली के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप और दर्द निवारक कैप्सूल बरामद किए। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

सप्लाई के लिए लग्जरी कार का इस्तेमाल
पुलिस ने जांच में पता लगाया कि प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई के लिए एक ब्लैक कलर की क्रेटा कार का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस कार पर लखनऊ का नंबर प्लेट लगा हुआ था। सहायक आयुक्त मुकेश जैन ने बताया कि इस कार से नारकोटिक प्रकार की दवाइयां मिली हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर जब्त किया गया है। नारकोटिक दवाओं का सेवन करने से ‘सीडिएशन’ यानी नींद जैसी हालत बनती है, जो धीरे-धीरे नशे की लत में बदल सकती है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क का पता चल सके।

ड्रग विभाग ने दिखाया सख्त रुख
सहायक आयुक्त मुकेश जैन ने बताया कि एक आरोपी के फर्म का लाइसेंस लंबे समय से बंद था। उनसे दवाओं की बिक्री के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। विभाग इस अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों की जानकारी जुटा रहा है ताकि इसे पूरी तरह से खत्म किया जा सके।

मध्य प्रदेश की जहरीली कफ सिरप से हुई बच्चों की मौत के बाद सख्ती
आपको बता दें कि हाल ही में मध्य प्रदेश में जहरीली कफ सिरप के कारण 22 बच्चों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद उत्तर प्रदेश का औषधि प्रशासन विभाग प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ बेहद सख्त हो गया है। बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार कंपनी का लाइसेंस रद्द कर मालिक को गिरफ्तार किया जा चुका है। यूपी सरकार ने तय किया है कि ऐसे काले कारोबार पर कड़ी नजर रखी जाएगी और अवैध दवाओं की सप्लाई रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button