टॉप न्यूज़

बलरामपुर में बच्चों को गलत अग्रेजी पढ़ा रहे थे मास्टरजी, विभाग ने कर दिया सस्पेंड

बलरामपुर। बलरामपुर–रामानुजगंज जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए शासकीय प्राथमिक स्कूल मगनजोत (कोगरार), विकासखंड वाड्रफनगर के सहायक शिक्षक प्रवीन टोप्पो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला तब सामने आया जब स्कूल में बच्चों को गलत अंग्रेज़ी पढ़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 15 नवंबर की देर शाम जारी आदेश में कहा गया कि निरीक्षण के दौरान शिक्षक द्वारा बच्चों को गलत उच्चारण और गलत शब्द पढ़ाए जा रहे थे। कक्षा में अकादमिक गतिविधियों की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। छात्रों ने भी अधिकारियों को बताया कि शिक्षक की गलत पढ़ाई से उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही थी।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा भेजी गई जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद शिक्षक की लापरवाही और कर्तव्यहीनता को गंभीर मानते हुए उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 तथा सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन आदेश जारी किया गया।

निलंबन अवधि में प्रवीन टोप्पो की पदस्थापना शासकीय हाईस्कूल दुन्सरण, विकासखंड रामचन्द्रपुर में होगी और उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने सभी शिक्षकों को चेतावनी दी है कि शिक्षण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button