देश

बरेली से 50 छात्र पंतनगर यूनिवर्सिटी के शैक्षिक भ्रमण पर रवाना, डीआईओएस ने दिखाई हरी झंडी

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली से समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के 50 चयनित विद्यार्थियों का शैक्षिक एक्सपोजर विजिट शुक्रवार को शुरू हो गया। कक्षा 9 से 12 तक के इन मेधावी छात्रों को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर (उत्तराखंड) में पांच दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर भेजा गया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार और जिला समन्वयक समग्र शिक्षा (माध्यमिक) वीरेंद्र गंगवार ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस दौरान डॉ. अजीत कुमार ने कहा, “छात्रों को कक्षा से बाहर निकलकर उच्च संस्थानों के वास्तविक वातावरण को समझने का अवसर मिल रहा है। ऐसे विजिट उनके ज्ञान, दृष्टिकोण और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उम्मीद है कि बच्चे नई तकनीकों, कृषि अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के आधुनिक स्वरूप को नजदीक से समझ सकेंगे।”

पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट 28 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस दौरान छात्र विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, कृषि मॉडल और प्रायोगिक फार्मों का अवलोकन करेंगे।

50 विद्यार्थियों के साथ रामचंद्र शर्मा, प्राचार्य राजकीय हाईस्कूल सबराह, बहेड़ी को विजिट प्रभारी तथा श्रीमती प्राची पंडित, सहायक अध्यापक, पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहेड़ी को सह प्रभारी बनाया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के भ्रमण छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन कौशल सीखने में सहायक होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button