बरेली में ट्रक और डीसीएम की भिड़ंत, आधे घंटे फंसा रहा चालक

बरेली । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना ग्राम गरगैया के पास पुलिया पर हुई, जहां तेज रफ्तार के चलते दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। हादसे में बुरी तरह घायल ट्रक चालक का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिहार के मधुबनी जिले का निवासी ट्रक चालक सुनील कुमार केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। उसका निचला हिस्सा स्टेयरिंग और केबिन के बीच जकड़ गया, जिससे वह हिल भी नहीं पा रहा था। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे आए, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण तत्काल राहत देना संभव नहीं हो सका।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दोनों वाहनों के बीच फंसे केबिन को अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके लिए हाइड्रा मशीन की मदद से डीसीएम को पीछे खींचा गया। इसके बाद केबिन को काटकर और फैलाकर चालक को बाहर निकाला गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब आधे घंटे का समय लगा।
गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। दोनों वाहनों के बीच चालक बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे सुरक्षित निकालने के लिए विशेष उपकरणों और हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। उन्होंने कहा कि समय रहते रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया और यातायात सुचारु कराया। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।



