crime

फिरोजाबाद में लापता बालक का शव गड्डे में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार की देर रात्रि एक लापता बालक का शव पानी से भरे गड्ढे में पड़ा मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

थाना दक्षिण क्षेत्र के सुहाग नगर सेक्टर नंबर-3 निवासी राहुल का बेटा अंशू (5) बुधवार की शाम को अचानक खेलते-खेलते लापता हो गया। परिजनों ने बालक की काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। जिसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना कोतवाली दक्षिण पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। परिजन बच्चे को खोज रहे थे तभी उन्हें जानकारी मिली कि एक बालक का शव थाना क्षेत्र के नगला भाऊ स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के पानी से भरे एक गड्ढे में पड़ा हुआ है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने शव की पहचान लापता अंशु के रूप में की। परिजन बच्चे के जीवित होने की आस में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस बालक की गड्ढे में गिरने से मौत होना मान रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि एक बच्चे का शव मिला है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने शव मिलने से दो घंटे पहले ही पुलिस को बालक के गुमशुदा होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने भी तलाश की लेकिन पता नहीं चला सका था। जानकारी पर पुलिस के आने से पहले ही परिजनों ने शव को बाहर निकाल लिया था। परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असल वजह सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button