फिरोजपुर में RSS कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में बुधवार शाम एक भयावह वारदात हुई, जिसमें आरएसएस के 40 वर्षीय नवीन अरोड़ा को घर लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना बुधवारा वाला मोहल्ला के पास हुई और इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

नवीन अरोड़ा के पिता बलदेव ने बताया कि उनका बेटा दुकान से घर लौट रहा था, तभी दो अज्ञात लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह और विधायक रणबीर सिंह भुल्लर मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें सक्रिय हैं और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नवीन अरोड़ा का परिवार आरएसएस से लंबे समय से जुड़ा रहा है। उनके स्वर्गीय दादा दीना नाथ पहले फिरोजपुर सिटी के RSS प्रमुख रह चुके थे। व्यापार मंडल के प्रधान अश्वनी मेहता ने इस हत्या को निंदनीय बताते हुए कहा कि पुलिस को जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।
एसएसपी भूपिंदर सिंह ने कहा कि हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



