प्राइवेट स्कूल संचालक दिखा रहे हैं जिला प्रशासन के आदेश को ठेंगा
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन मेरठ ने जिले के सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों में कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए गर्मी की छुट्टी करने का आदेश जारी किया

फलावदा (शुभम अग्रवाल)। भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन मेरठ ने जिले के सभी निजी एवं सरकारी स्कूलों में कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए गर्मी की छुट्टी करने का आदेश जारी किया। लेकिन जिले के निजी स्कूल संचालक जिलाधिकारी मेरठ व जिला विद्यालय निरीक्षक का आदेश नहीं मान रहे हैं।

जिलाधिकारी मेरठ द्वारा आदेश जारी करने के बाद भी निजी विद्यालय खुले रहे। अन्य दिनों की तरह चिलचिलाती धूप में बच्चे स्कूल जाते नजर आए। सुबह बच्चों के अलावा अभिभावकों में भी उपारोह की स्थिति थी। कई प्राइवेट स्कूल बंद थे वहीं कई स्कूल खुले हुए थे। लिहाजा अभिभावकों को बाइक से बच्चों को स्कूल पहुंचाना पड़ा। सर्वहित भारत की पड़ताल में फलावदा में आइडियल चिल्ड्रन एकेडमी ,एमडीएस एकेडमी पिलोना, काफी स्कूल चलते पाए गए। डीएम के आदेश के बाद भी भीषण गर्मी में स्कूलों का संचालन करने वाले विद्यालय बच्चों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक ऑफिस में तैनात हेड क्लर्क प्रदीप बंसल से हमारे संवाददाता ने बात की तो उन्होंने ऐसे स्कूलों को चिन्हित करके कार्रवाई का आश्वासन दिया है ।

