प्रतापगढ़ में दबंगों ने पिता-पुत्र को पीटा, पिता की मौत

प्रतापगढ़। कुंडा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दबंगों ने उधार का पैसा वापस मांगने पर पिता-पुत्र को बेरहमी से पीट दिया। पिटाई से पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर सीओ कुंडा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

मानिकपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले जगन्नाथ यादव अपने बेटे के साथ मंगलवार शेरगढ़ की तरफ तगादा करने के लिए जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दबंगों ने पिता-पुत्र की पिटाई शुरू कर दी। इस पिटाई में जहां पिता की मौत हो गई, तो बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।

बेटे आजाद सिंह यादव ने बताया कि पिता के साथ वह राजापुर बिंघन गांव खाना बनाने के लिए जा रहा था। शेरगढ़ टंकी के पास पहुंचा और लेनदार को देखकर उससे पैसे की मांग की है। इसी बात से खुन्नस खाए लेनदार ने गाली देने के साथ ही जगन्नाथ यादव की लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया। बेटा जब पिता को छुड़ाने लगा तो चार-पांच अन्य लोग वहां आकर दोनों को पीटने लगे। पिटाई से जगन्नाथ यादव की मौत हो गई, जबकि आजाद सिंह घायल हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल क्षेत्र में तैनाती की है। सीओ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



