पुलिस वर्दी में आए बदमाशों ने व्यापारी और उसकी बेटी को बंधक बनाकर की लूट
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के गोहद के मुख्य बाजार में बर्तन व्यापारी के घर में पुलिस की वर्दी में आए बदमाशों ने लूट की वारदात का अंजाम दिया।
भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले के गोहद के मुख्य बाजार में बर्तन व्यापारी के घर में पुलिस की वर्दी में आए बदमाशों ने लूट की वारदात का अंजाम दिया। बदमाशों ने व्यापारी और उसकी बेटी के हाथ, पैर और मुंह बांध दिया, जिसके चलते बेटी की दमघुटने से मौत हो गयी। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गोहद के मुख्य बाजार में बर्तन व्यापारी रामू लोहिया का तीन मंजिल मकान बना हुआ है। कल शाम पुलिस की वर्दी में तीन बदमाश उनके घर में घुस गए। घर में रामू लोहिया के साथ उनकी 25 वर्षीय बेटी रिंकी लोहिया थी। बदमाशों ने रामू लोहिया और उनकी बेटी के हाथ, पैर और मुंह बांध दिए। इसके बाद बदमाश घर से नगदी और सोने चांदी के जेवरात ले गए।
इस घटना के बाद रात्रि को जब पड़ोसियों ने रामू लोहिया के घर का गेट खुला देखा तो इस बात का पता लगाने उनके घर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। वहीं, रामू लोहिया की बेटी की दमघुटने से मौत हो चुकी थी। व्यापारी के घर से नगदी और जेवरात सहित लाखों रुपये का माल गायब होने की बात कही जा रही है। घटना के विरोध में व्यापारियों ने आज अपनी-अपनी दुकानें बंद रखी। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन कर रही है।



