पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,चार इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में चार इनामी नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण किया है।

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में चार इनामी नक्सलियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले में सक्रिय तीन लाख रुपए के इनामी नक्सली मुचाकी सोपड़ा उर्फ निर्मल और मुचाकी सोमड़ी उर्फ सोमे के साथ माड़वी मुद्रा एवं पोड़ियम रमेश ने कल शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सुनील शर्मा के आत्मसमर्पण कर दिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने आत्मसमर्पित नक्सलियों को 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और शासन की पुनर्वास नीति का लाभ दिए जाने की बात कही है। जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र के एटेगट्टा गांव का निवासी मुचाकी सोमड़ा उत्तर बस्तर डिवीजन में बतौर प्रेस टीम कमांडर सक्रिय था, जबकि उसकी पत्नी सोमड़ी प्रेस टीम सदस्य की तरह कार्य कर रही थी। इनके अलावा 2 लाख रुपए का इनामी एवं कोंटा ब्लाक के डब्बाकोटा के निवासी माड़वी मुड़ा तथा मेहता गांव के निवासी एवं 2 लाख रुपए के इनामी पोडियम रमेश ने भी आत्मसमर्पण किया है।




