पुलवामा में बड़ी कार्रवाई: लाल किला ब्लास्ट के आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद का घर IED से उड़ाया

दिल्ली के लाल किला के पास हुए भीषण कार विस्फोट को अंजाम देने वाले आतंकी डॉक्टर उमर मोहम्मद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जांच के बाद सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा स्थित आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद के घर को आईईडी (IED) से उड़ा दिया है।

आतंकी ठिकाने पर सख्त एक्शन

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने और भविष्य में ऐसी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले ठिकानों को खत्म करने की रणनीति के तहत की गई है। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा ज़िले में स्थित आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद का आवासीय परिसर।
सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी के घर को नियंत्रित विस्फोट (Controlled Explosion) के ज़रिए पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जिसके लिए आईईडी का इस्तेमाल किया गया। जांच में यह पाया गया कि यह घर आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
गौरतलब है कि डॉ. उमर मोहम्मद वही आतंकी था जिसने सोमवार शाम को दिल्ली में लाल किला के पास एक i20 कार में विस्फोट किया था जिसमें उसकी भी मौत हो गई थी। डीएनए जांच में उसकी पहचान की पुष्टि हुई थी। इस हमले के तार तुर्की से जुड़े होने का भी खुलासा हुआ है।
सुरक्षा एजेंसियों का यह कड़ा कदम स्पष्ट संकेत देता है कि आतंकी नेटवर्क और उनके ठिकानों को देश में किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।



