पानीपत में कार की टक्कर से महिला की मौत, ड्राइवर फरार

पानीपत। पानीपत जीटी रोड सेक्टर 29 के पास कार की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। टक्कर लगने के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

घायल महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सेक्टर 29 थाना पुलिस ने बताया कि सिवाह गांव के पास सौदापुर निवासी 73 वर्षीय भतेरी पत्नी बिल्लू सड़क पार कर रही थी। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
महिला के सिर और पैर में ज्यादा चोट आई। पुलिस ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित दिया। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कार को कब्जे में ले लिया है।
मृतका के बेटे मुकेश ने बताया कि उनकी मां दवा लेने के लिए सिवाह के पास ईसीएचएस आर्मी डिस्पेंसरी से दवा लेने जा रही थी। दवा लेने के बाद वह सड़क को पार कर रही थी, तभी दिल्ली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मां को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भतेरी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सेक्टर 29 थाना प्रभारी अनिल ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है ड्राइवर का पता लगाया जा रहा है। आस-पास लगे सीसीटीवी भी चेक कर रहे है, जिससे ड्राइवर के हुलिए का पता लगाया जा सके ।



