crime

निक्की यादव हत्याकांड: हत्या वाले दिन का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

नई दिल्ली। राजधानी में निक्की यादव मर्डर केस में मृतक युवती निक्की यादव का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। यह सीसीटीवी फुटेज 9 फरवरी का है, जिससे यह बात साफ होती है कि निक्की यादव 9 फरवरी तक जिंदा थी। यह फुटेज उसके उत्तम नगर स्थित उस किराए के मकान का है, जहां वह पिछले पांच महीने से किराए पर रह रही थी।

पहले फुटेज में निक्की दोपहर एक बजे के करीब घर आती हुई दिखाई दे रही है। वहीं दूसरा फुटेज करीब 9:30 बजे का है, जिसमें वह बाहर जाती हुई दिखाई दे रही है। फुटेज देखकर ऐसा लग रहा है कि वह आरोपित साहिल का इंतजार कर रही है क्योंकि 9 फरवरी को ही साहिल की सगाई हुई थी और उसी रात निक्की के बुलाने पर लगभग 10:15 बजे के करीब साहिल अपनी कार से वहां आया था। इसके करीब 20 मिनट बाद वह निक्की के साथ आनंद विहार की तरफ चला गया था। इस बीच रास्ते में उनकी पहले गोवा और फिर हिमाचल जाने की योजना बनी थी। बाद में आनंद विहार से आईएसबीटी जाने के बाद साहिल ने निक्की की हत्या कर दी थी।

उल्लेखनीय है कि द्वारका कोर्ट में पेश किए जाने के बाद साहिल 5 दिन की पुलिस रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है कि आखिर निक्की की डेड बॉडी को फ्रिज में रखने के बाद उसकी योजना क्या थी। वहीं दूसरी तरफ बुधवार को निक्की के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सामने आने के बाद यह बात साफ हो गई है कि उसकी मौत गला घोंटने से ही हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button