राज्य
Trending
निकाह न करने पर युवती को दी तेजाब डालने की धमकी
आरोपित के डर से युवती ने छोडी थी नौकरी, समाज में बदनाम करने की भी दे रहा धमकी पीडिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
गढीपुख्ता। थानाभवन क्षेत्र के भैंसानी इस्लामपुर निवासी एक नर्स ने एक युवक पर जबरन निकाह करने दबाव बनाने तथा विरोध करने पर उस पर तेजाब डालने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए गढीपुख्ता थाने पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार थानाभवन के भैंसानी इस्लामपुर निवासी एक युवती ने गढीपुख्ता थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह एएनएम का कोर्स पूरा कर शामली के एक निजी अस्पताल में कार्य करती थी। उक्त अस्पताल में शमीम व अन्य युवक भी काम करते थे। कुछ समय पूर्व शमीम ने अपने जन्मदिन की पार्टी की थी जिसमें सभी मौजूद थे। इसी दौरान शमीम ने उससे निकाह करने की बात की लेकिन उसने मना कर दिया लेकिन इसके बावजूद भी शमीम ने उस पर तथा उसके परिवार पर निकाह करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने बताया कि शमीम की हरकतों से तंग आकर उसने उक्त अस्पताल से नौकरी छोड दी लेकिन शमीम उस पर लगातार दबाव बनाता रहा और निकाह न करने पर बदनाम करने की धमकी दी। परिजनों द्वारा थानाभवन पुलिस को शमीम के खिलाफ तहरीर दी गयी लेकिन बाद में शमीम द्वारा माफी मांगने तथा परिजनों व अन्य लोगों ने मामले में समझौता करा दिया। इसी दौरान उसने गढीपुख्ता स्थित एक पैरामेडिकल कालेज में दाखिला ले लिया। युवती का आरोप है कि एक दिन शमीम अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा तथा उसके साथ अश्लील हरकतें व छींटाकशी करने लगा। जब उसने विरोध किया तो शमीम ने उस पर तेजाब डालने तथा समाज में बदनाम करने की धमकी दी तथा मौके से फरार हो गया। युवती ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री सहित अन्य आला अधिकारियों से की। अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए गढीपुख्ता पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के निर्देेश दिए। थाना प्रभारी गढीपुख्ता राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपित शमीम पुत्र नफीस निवासी गांव बंतीखेडा थाना बाबरी व उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश दी लेकिन वे हाथ नहीं लग पाए। आरोपितांें को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



