crime

नागौर में भी दिल्ली जैसी हैवानियत : प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या की-फिर शव के टुकड़े कर ठिकाने लगाए

नागौर। जिले के श्रीबालाजी क्षेत्र में क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज की तर्ज पर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका से तंग आकर उसकी कटार से हत्या कर दी। मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ में हैरान करने वाली बात सामने आई है। पता चला कि प्रेमी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए भी उसके टुकड़े किए और अलग-अलग जगह जगहों पर फेंक दिए। आरोपी प्रेमी अनोपाराम तीन दिन पहले यह कबूल कर चुका है कि उसने ही अपनी प्रेमिका गुड्डी की हत्या की है, लेकिन पुलिस के सामने मृतका के शव को बरामद करने की चुनौती बनी हुई है। पुलिस की अब तक की जांच में आरोपी की निशानदेही पर एक मानव जबड़ा, कुछ हड्डियां व बाल बरामद हुए हैं। अब आरोपी की निशानदेही पर अनोपारां के गांव डेहरू में ही एक कुएं में शव के टुकड़ों की तलाश चल रही है।

नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना इलाके के बालासर से 22 जनवरी को 30 साल की गुड्डी अपने घर से ससुराल मुंडासर गांव जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद गुड्डी न तो ससुराल पहुंची और न वापस घर आई। परिजन गुड्डी की तलाश करते रहे, उसका कोई सुराग नहीं लगा। दो दिन बाद 24 जनवरी को श्रीबालाजी थाने में गुड्डी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस बीच यह पता चला कि गुड्डी को अनोपाराम के साथ उसकी बाइक पर नागौर की तरफ जाते हुए एक व्यक्ति ने देखा था। इसके बाद अनोपाराम को हिरासत में ले लिया गया और उससे पूछताछ शुरू की गई। पूछताछ के दौरान उसने यह कबूल लिया कि उसी ने हत्या की है। उसने पुलिस को कई बार गुमराह किया और शव को ठिकाने लगाने से जुड़ी अलग-अलग जगह बताई। आखिर में उसने यह खुलासा किया कि बालवा रोड़ पर सुनसान जगह पर उसने शव फेंका है।

पुलिस को 12वें दिन नागौर शहर की बालवा रोड़ पर मानव जबड़ा, ओढ़नी-घाघरा, लंबे बाल मिले, लेकिन पूरा शव नहीं मिला। इससे यह साफ हो गया कि आरोपी बार-बार गुमराह कर रहा है, जिसके बाद सघन पूछताछ का सिलसिला जारी रहा। इस बीच आरोपी ने कहा कि उसने अपने ही गांव के कुएं में विवाहिता का बाकी शव फेंका है। इसके बाद पुलिस अब दो दिन से शव की तलाश कुएं में कर रही है। गुड्डी और अनोपा राम दोनों शादीशुदा हैं। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने बताया कि गुड्डी उस पर शादी का दबाव बना रही थी, इसलिए उसका मर्डर कर दिया। पुलिस हिरासत में अनोपा राम से पूछताछ हुई तो एक्सट्रा मैरिटल अफेयर और प्यार में धोखे का मामला उजागर हुआ।

एसपी राममूर्ति जोशी के निर्देश पर डेरवा गांव में डीएसपी विनोद कुमार, श्रीबालाजी थानाधिकारी महेंद्र सिंह, एफएसएल और एसडीआरएफ के 12 जवान मौजूद हैं। आरोपी अनोपा राम को भी मौके पर लाया गया। अनोपा राम की निशानदेही पर एसडीआरएफ के जवान कुएं में शव के अवशेषों की तलाश कर रहे हैं। कुआं गहरा होने और उसमें पानी ज्यादा होने से शव के टुकड़े ढूंढने में समय लग रहा है। पूछताछ के बाद पुलिस को आशंका है कि आरोपी प्रेमी ने क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज की तर्ज पर इस वारदात को अंजाम दिया है। 22 जनवरी को वह प्रेमिका को अपने साथ ले गया, जिसके बाद हत्या की और शव को अलग अलग जगह छिपाया। अब स्थिति यह है कि शव के अवशेष ढूंढ रही पुलिस को भी आरोपी बार-बार गुमराह कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button