धर्म
Trending
धूमधाम एवं उल्लास से मनाई भगवान परशुराम जयंती, हनुमान धाम पर हवन यज्ञ व विशाल भंडारे का आयोजन
भगवान विष्णु के छठें अवतार भगवान परशुराम की जयंती मंगलवार को जिलेभर में पूरे धूमधाम एवं उल्लास के साथ मनायी गयी।

शामली। भगवान विष्णु के छठें अवतार भगवान परशुराम की जयंती मंगलवार को जिलेभर में पूरे धूमधाम एवं उल्लास के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर परशुराम की पूजा अर्चना की गयी वहीं भंडारों का भी आयोजन किया गया। शहर के मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम पर भी भगवान परशुराम की जयंती के मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण धर्मलाभ उठाया। जानकारी के अनुसार भगवान परशुराम की जयंती मंगलवार को पूरे जिले में धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनायी गयी। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर भगवान परशुराम की पूजा अर्चना कर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया गया। मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम प्रबंध समिति व परशुराम युवा जागृति मंच द्वारा परशुराम मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह के समय हवन यज्ञ का आयोजन हुआ जिसमें समाज के लोगों ने आहूति प्रदान की। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन किया वहीं मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर धर्मलाभ उठाया। वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डाला तथा उनकी एकता, साहस, शौर्य शक्ति, शस्त्र व शास्त्र के ज्ञान को अपने जीवन में उतारकर उनके बताए मार्ग पर चलने का आहवान किया। कार्यक्रम में शामली सहित आसपास के देहात क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मौके पर हनुमान धाम के प्रधान सलिल द्विवेदी, मंच के अध्यक्ष योगेश भारद्वाज, संरक्षक विजय कौशिक, पुनीत द्विवेदी, अनिल भार्गव, विक्रांत भार्गव, राजू शर्मा, अमित शर्मा, पुनीत शर्मा, विकास भार्गव, अरविन्द शर्मा, मनोज शर्मा, सलूज शर्मा, दीपक वशिष्ठ, संजय वत्स, सुशील शर्मा, गौरव शर्मा, विकास शर्मा, डा. अनुराग शर्मा, सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। इसके अलावा शहर में कई अन्य स्थानों पर भी भगवान परशुराम की जयंती पर हवन पूजन व भंडारों के आयोजन किए गए।
