
नयी दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से दो मरीजों की मौत हो गयी, जिससे इनकी संख्या 5,30,775 हो गयी है और इसी अवधि में कोरोना संक्रमण के 161 सक्रिय मामले बढ़े हैं।

इस बीच देश में पिछले 24 घंटों में 6,977 कोविड टीकाकरण किया गया है और अब तक कुल 220 करोड़ 64 लाख 15 हजार 484 टीकाकरण किया जा चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में इस महामारी से 170 मरीजों ने निजात पायी है। सक्रिय मामलों की संख्या 2,686 हो गयी है। कर्नाटक में 47, महाराष्ट्र में 34, तेलंगाना में 22, केरल में 12, तमिलनाडु में 11, गुजरात और मध्य प्रदेश में सात-सात, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में छह-छह, दिल्ली में पांच, पंजाब और राजस्थान में तीन-तीन, गोवा और पश्चिम बंगाल में दो-दो, आन्ध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में क्रमशः एक-एक मामले बढ़े हैं जबकि महाराष्ट्र में कोरोना से दो मरीजों की मौत हो गयी है।
विस्तृत आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना संक्रमण के दर्ज मामलों की संख्या चार करोड़ 46 लाख 87 हजार 496 और इस बीमारी को मात देने वालों की संख्या चार करोड़ 41 लाख 54 हजार 035 है जबकि मृतकों की संख्या 5,30,775 है।



