दिल्ली-एनसीआर में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, छाए रहेंगे बादल, बारिश के भी आसार
देशभर के कई इलाकों में इन दिनों मानसून का दूसरा चरण सक्रिय है। यही वजह है कि कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली-एनसीआर में भी सोमवार से मौसम का मिजाज बदलने के आसार बने हुए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में अब मौसम का मिजाज बदलने के आसार बने हुए हैं। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। वहीं रविवार से एक बार फिर हवाओं का रुख बदला और इन हवाओं ने तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में इस हफ्ते बादल छाए रहने के साथ ही कहीं मध्यम तो कहीं हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। यानी बारिश के साथ ही दिल्ली-एनसीआर के लोगों को खुशगवार मौसम राहत देगा।

पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने की वजह से दिल्ली-एनसीआर उमस भरी गर्मी बढ़ती जा रही है, हालांकि, आसमान में बादल दिखाई देते हैं।

IMD के मुताबिक दिल्ली में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से दो ज्यादा 35.2 और न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार से राहत मिलने की संभावना जताई है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि 29 से 31 अगस्त के बीच हल्की बारिश या बूंदा-बांदी हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने के भी आसार बने हुए हैं।
मौसम में आ रहे इस बदलाव के चलते तामपान में मामूली गिरावट के आसार हैं। इसके बाद एक बार फिर से हफ्ते के अंत तक बारिश का अनुमान नहीं है।
एनसीआर में भी मिलेगी राहत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ-साथ आस-पास के इलाकों जैसे नोएडा और गुरुग्राम में भी मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। नोएडा में 29 अगस्त को अधिकतम तापमान 36.9 और न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यहां पूरे हफ्ते आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सोमवार, मंगलवार, बुधवार और शनिवार को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।



