‘थप्पड़ कांड’ पर सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘यह ओम प्रकाश राजभर की साजिश’

महेंद्र राजभर कहा, ” ये साजिश ओपी राजभर ने रची थी। कुछ लोगों को हमारे राजनीतिक दल के विस्तार से जलन हो रही है। वे इसे पचा नहीं पा रहे हैं कि भला यह कैसे आगे बढ़ रहा है, इसलिए ये लोग अब अपनी घटिया हरकत पर उतर चुके हैं।”
‘मेरी लोकप्रियता को कम करने की कोशिश’
महेंद्र राजभर ने आगे कहा कि जिस तरह से मुझ पर हमला किया गया, उससे यह साफ जाहिर होता है कि यह सब कुछ एक साजिश के तहत किया गया। माला पहनाने की आड़ में मुझे थप्पड़ मारा गया। यह सब कुछ मेरी लोकप्रियता को कम करने की कोशिश के तहत किया गया।उन्होंने कहा कि हमने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में इसकी शिकायत भी की है। पुलिस ने हमें आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

‘पार्टी के गठन से कुछ लोगों को हो रही जलन’
महेंद्र राजभर ने कहा कि जब से हमने अपने राजनीतिक दल सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी का गठन किया है, तब से कुछ लोगों को जलन हो रही है। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में संगठन का अपना महत्व होता है। इसी महत्व को देखते हुए इन लोगों को तकलीफ हो रही है। लेकिन, इनकी तकलीफ की वजह से हम अपनी राजनीतिक यात्रा को किसी भी स्थिति में विराम नहीं देंगे। इसे हम अपने गंतव्य तक पहुंचाकर रहेंगे।

जानें क्या है थप्पड़ कांड
बता दें कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को उनकी ही पार्टी के एक नेता ने माला पहनाने के दौरान जोरदार थप्पड़ जड़ दिया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया। महाराज सुहेलदेव की प्रतिमा अनावरण के अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में महेंद्र राजभर को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।



