Uncategorized
Trending

ठीक नहीं हुई मिल की खराबी, लगी रही गन्नों के वाहनों की लाइन

मिल के पेराई सत्र के जल्द समाप्त होने के चलते भी किसान ला रहे गन्ना जाम के कारण लोगों को झेलनी पडी परेशानी, एम्बुलैंस, पुलिस व स्कूली वाहन भी फंसे रहे

शामली। अपर दोआब शुगर मिल में चल रही तकनीकी खराबी सोमवार को भी ठीक नहीं हो पायी जिसके कारण शहर में गन्नों के वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रही, वहीं मिल का पेराई सत्र समापन की ओर बढने के चलते भी किसान अधिक से अधिक संख्या में गन्ना मिल में लेकर आ रहे हैं। गन्नों के वाहनों की लंबी लाइन के कारण शहर में जाम लगा रहा जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पडा। जाम में एम्बुलैंस, पुलिस व स्कूली गाडियां भी काफी देर तक फंसी रही जिसके चलते छोटे-छोटे गर्मी में बेहाल नजर आए। पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार जाम खुलवाया जिसके बाद लोगों को राहत मिली।
जानकारी के अनुसार अपर दोआब शुगर मिल में शनिवार की रात तकनीकी खराबी आ जाने के कारण पेराई सत्र ठप्प हो गया था। शनिवार पूरी रात कर्मचारी खराबी दूर करने में जुटे रहे लेकिन सफलता नहीं मिल पायी। रविवार को भी पूरे दिन मिल गेट से लेकर अग्रसेन पार्क, सुभाष चौंक तक गन्नों के वाहनों की लाइन लगी रही। सोमवार को भी खराबी दूर न होने के कारण गन्नों के वाहन सडकों पर खडे रहे जिसके कारण शहर की यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर शुगर मिल का पेराई सत्र भी जल्द ही समाप्त होने वाला है इसलिए किसान अधिक से अधिक गन्ना मिल में लेकर पहुंच रहे हैं, इस कारण भी जाम के हालात बन रहे हैं। मंगलवार को ईद होने के चलते भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग बाजारों में खरीददारी करने के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन जाम के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पडा। लोगों को निकलने का भी रास्ता नहीं मिल पाया। मरीज को ले जा रही एक एम्बुलैंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रही वहीं पुलिस की गाडी को भी निकालने में परेशानी झेलनी पडी। वहीं स्कूलों से लौट रहे बच्चों की गाडियां भी काफी समय तक जाम में फंसी रही जिस के कारण छोटे-छोटे गर्मी में बेहाल नजर आए। जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने की मशक्कत करते दिखे। बाद में किसी प्रकार जाम खुला और लोगों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button