देश

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में जादू-टोना के संदेह में महिला की हत्या

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जादू-टोना करने के संदेह में 59 वर्षीय महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। सोनुआ थाना प्रभारी शशि बाला भेंगरा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि 59 वर्षीय जमुना पूर्ति का क्षत विक्षत शव शुक्रवार को बलिजुरी गांव में एक पुलिया के पास मिला।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला का सबसे बड़ा बेटा सनातन पूर्ति चेन्नई में काम करता है। अपनी मां के घर से लापता होने की सूचना मिलने पर सनातन झारखंड लौटा था। उसने आरोप लगाया है कि कुछ ग्रामीणों ने जादू-टोना करने के आरोप में उसकी मां की हत्या कर दी है। उसने कहा कि गांव में जब भी किसी की मौत होती थी तो उसकी मां पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया जाता था।’’

भेंगरा ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता की बहू सुखमती पूर्ति ने अपनी सास के अपहरण के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला अपने सबसे छोटे बेटे शिव कुमार पूर्ति, बड़ी बहू सुखमती पूर्ति और बेटी सूर्यमणि कुंकल के साथ बलिजुरी गांव में रहती थी।

प्राथमिकी के अनुसार महिला रविवार रात को अपने घर से लापता हो गई थी। परिवार ने उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिली और मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उन्होंने महिला के बड़े बेटे सनातन पूर्ति को भी सूचित किया और वह बृहस्पतिवार को चेन्नई से घर लौटा। शव शुक्रवार को बरामद किया गया।’’

भेंगरा ने कहा, ‘‘क्षत विक्षत शव को देखकर ऐसा लगता है कि लगभग पांच दिन पहले उसकी धारदार हथियार से हत्या की गई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button