जूता चुराई की रस्म में मांगे 50 हजार, मिले 5000… बवाल इतना बढ़ा कि शादी टूटी, बारात लौटी खाली हाथ

बिजनौर जिले के गढ़मलपुर गांव में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी की रौनक जूता चुराई की रस्म में उठे विवाद के चलते मातम में बदल गई। कम रकम देने पर नाराज दुल्हन पक्ष ने बारातियों को बंधक बनाकर पीट दिया और आखिरकार शादी टूट गई।
हालात बिगड़ते देख घरातियों और बारातियों में कहासुनी हो गई। बारातियों को एक कमरे में बंद कर दिया गया और कथित रूप से पीटा गया। दूल्हे के पिता, दादा, भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ मारपीट की गई। किसी ने डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को नजीबाबाद थाने ले जाकर मामला शांत कराया।

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के परिवार ने जूता चुराई के बहाने तंज कसा कि “दहेज में दिया सोना नकली है।” दुल्हन के भाई ने जवाब दिया, “आपको सोने से प्यार है या हमारी बहन से?” इस पर जवाब मिला, “हमें पैसे से प्यार है।” बताया गया कि दूल्हे ने दहेज में स्विफ्ट कार और दो लाख रुपये की मांग भी की थी, जो दिए गए थे। फिर भी बारातियों ने कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया जिससे विवाद और बढ़ गया।

थाने में दूल्हा साबिर ने बताया, “साली ने 50 हजार की मांग की, मैंने 5000 दिए। इसके बाद बहस शुरू हो गई और हमें कमरे में बंद कर मारपीट की गई।” दुल्हन के भाई ने कहा कि दूल्हे के भाई ने गहना फेंककर कहा, “कल आना, सब सिखा देंगे।”



