सरधना (मेरठ)। सरधना नगर के बाजारों में जीएसटी की टीम आने की झूठी अफवाह आग की तरह फैल गई।
जिसके चलते नगर में कालंद चुंगी, गंज बाजार की दुकानो के शटर धड़ाधड़ बंद होते चले गए। कुछ ही देर में जीएसटी की टीम की झूठी अफवाह से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना मिलने पर तत्काल पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी महामंत्री ललित गुप्ता समेत कई पदाधिकारी कालंद चुंगी व गंजबाजार पहुंचे और इसकी पड़ताल की। पड़ताल में जीएसटी टीम की आने की सूचना फर्जी निकली।

तब व्यापारी नेताओं ने सभी दुकानदारों को इस झूठी अफवाह से अवगत कराया ओर उनको आश्वस्त करते हुए सभी बाजारों को खुलवाया । साथ ही उन्होंने व्यापारियों से इस प्रकार की झूठी अफवाहों से बचने की अपील की। इस मौके पर पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, महामंत्री ललित गुप्ता, कोषाध्यक्ष साजिद मलिक, एडवोकेट जियाउर्ररहमान, इरशाद मलिक, काव्य बंसल, दीपक जैन, आदि व्यापारी नेता मुख्य रूप से शामिल रहे।


