uttar pradesh

गाजीपुर में झोपड़ी में आग लगने से महिला की मौत

गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना इलाके के शेरपुर गांव के पूरब स्थित अनुसूचित जाति बस्ती में शनिवार सुबह आग लगने से एक महिला की मौत हो गयी और 12 झोपड़ियां जल गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने से झुलसकर मरने वाली महिला की पहचान रामवती देवी (47) के रूप में हुई। इस अग्निकांड में 12 अन्य झोपड़ियां जल गईं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आज सुबह लगभग 10 बजे अचानक रामवती देवी की झोपड़ी से आग की लपटे निकलने लगी और फिर गैस सिलेंडर के फटने की आवाज आई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अंदेशा है कि सिलेंडर फटने से ही रामवती देवी की मौत हुई।

घटना की सूचना पर पहुंचे भांवरकोल के थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने ग्रामीण संग आग बुझाने के साथ दमकल कर्मियों को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने बताया कि पीड़ित परिवारों को तत्काल कंबल, तिरपाल, 10-10 किलो आटा, चावल सहित अन्य जरूरी समान दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार रामवती देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की सहायता के लिए शासन को अवगत कराया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button