crime

गर्म चिमटे से दागते थे मेड को, अब हाथ से गई नौकरी, गुरुग्राम की बीमा और PR कंपनी में थी बड़ी जॉब

 

गुरुग्राम। गुरुग्राम में एक दंपत्ति ने नाबालिग मेड को बंधक बनाकर मारपीट की थी. उसे गर्म चिमटे से दाग दिया था। सोशल मीडिया में मामला हाईलाइट होने के बाद पुलिस ने दंपत्ति को गिरफ्तार किया है, वहीं दंपत्ति के नियोजकों ने दोनों को नौकरी से बर्खास्त किया है।

राष्ट्रीय राजधानी से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम में नाबालिग मेड के साथ बर्बरता दिखाने वाले दंपत्ति को उनके नियोजकों ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। उधर, गुरुग्राम पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। जबकि झारखंड सरकार ने लड़की को रेस्क्यू करने के लिए एक टीम को गुरुग्राम के लिए रवाना किया है। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने सिमोगा प्रशासन को लड़की को वापस लाने, समुचित इलाज कराने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने हरियाणा सरकार से भी इस संबंध में उचित कार्रवाई का आग्रह किया है। गौरतलब है कि गुरुग्राम में दो दिन पहले यह मामला सामने आया था। गुरुग्राम की न्यू कालोनी थाने की पुलिस ने बताया कि न्यू कालोनी में रहने वाले एक दंपत्ति ने घरेलू कामकाज के लिए प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए चार महीने पहले मेड हॉयर किया था। इस दौरान आरोपी दंपत्ति ने इस नाबालिग मेड के साथ ना केवल मारपीट की, बल्कि उसका यौन शोषण भी किया। एक एनजीओ ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए आरोप लगाया कि आरोपी दंपत्ति ने इस नाबालिग मेड को गर्म चिमटे से दागा और डंडों से पीटा। यहां तक कि कई दिनों तक उसे खाना भी नहीं दिया। ऐसे में पीड़ित लड़की डस्टबिन से खाना खाकर अपना पेट भरती रही। पुलिस की मदद से इस एनजीओ ने लड़की को आरोपी दंपत्ति के कब्जे से मुक्त कराया है।

 

सोशल मीडिया में मामला वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ बंधुआ मजदूरी अधिनियम, मारपीट, नाबालिग को काम पर रखने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इसी के साथ पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। उधर, मामले की जानकारी होने पर दंपत्ति के नियोजकों ने उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी महिला एक पीआर एजेंसी में काम करती थी। जबकि उसका पति बीमा कंपनी में उच्च पद पर तैनात था। दोनों कंपनियों ने इनकी बर्खास्तगी की सूचना ट्वीटर पर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button