देश
Trending
गर्मी से नहीं मिल रही निजात, लोग बिलबिलाए जनजीवन भी हो रहा है अस्त-व्यस्त, सूख नहीं रहा पसीना
गर्मी से फिलहाल लोगों को कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। भीषण गर्मी व लू ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है।


शामली। गर्मी से फिलहाल लोगों को कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। भीषण गर्मी व लू ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। तापमान के लगातार बढने से जनजीवन भी अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। रविवार को भी गर्मी ने लोगों को बिलबिलाकर रख दिया। लोगों का पसीना भी सूखने का नाम नहीं ले रहा है।
जानकारी के अनुसार गर्मी ने इन दिनों लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। लोगों को कहीं भी चैन नहीं मिल रहा है। तीन-चार दिन पूर्व हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दिलाई थी लेकिन दो दिन से फिर गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। रविवार को भी गर्मी ने लोगों को बिलबिलाकर रख दिया। सुबह से ही गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर शाम तक जारी रहा। दोपहर के समय तो स्थिति और ज्यादा विकट हो गयी। चिलचिलाती धूप ने शरीर को झुलसाने का काम किया। रविवार का अवकाश होने के कारण लोग अपने घरों में ही रहे लेकिन घरों में भी चैन नहीं मिल पाया। धूप के कारण मकान भी आग उगल रहे हैं। एसी व कूलर भी खास राहत नहीं दिला पा रहे हैं। सडकों पर भी लोगों की आवाजाही भी कम ही रही, जो घरों से निकले वे सिर और मुंह को ढके नजर आए। बाइक सवार युवा मुंह को लपेटकर जाते दिखे। वहीं गर्मी से पशु पक्षी भी परेशान नजर आ रहे हैं। सडकों पर घूमने वाले आवारा गौवंश व अन्य पशु छांव व पानी की तलाश में यहां वहां भटकते नजर आ रहे हैं। आसपास के देहात क्षेत्रों में भी गर्मी ने कोहराम मचा रखा है। ग्रामीण दोपहर के समय अपने खेतों पर भी नहीं जा रहे हैं। युवा व बच्चे खेतों की ट्यूबवैलों पर नहाकर गर्मी को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।



