खाद्य तेल और दाल-दलहन में मिलाजुला रुख
विदेशी बाजारों की गिरावट के दबाव में बीते सप्ताह दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेलों के अलावा दाल-दलहन में मिलाजुला रुख रहा वहीं गुड़ और चीनी के भाव गिर गए।
नयी दिल्ली। विदेशी बाजारों की गिरावट के दबाव में बीते सप्ताह दिल्ली थोक जिंस बाजार में खाद्य तेलों के अलावा दाल-दलहन में मिलाजुला रुख रहा वहीं गुड़ और चीनी के भाव गिर गए।

तेल तिलहन : वैश्विक स्तर पर मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का सितंबर वायदा समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 319 रिंगिट गिरकर 3830 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। इसी तरह सितंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी सप्ताहांत पर 1.91 सेंट की गिरावट के साथ 64 सेंट प्रति पाउंड रह गया।

बीते सप्ताह सरसों तेल 153 रुपये, सोया रिफाइंड 366 रुपये और पाम ऑयल 220 रुपये प्रति क्विंटल उतर गया जबकि मूंगफली तेल 220 रुपये और वनस्पति तेल के दाम 733 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गए। वहीं, सूरजमुखी तेल के भाव के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
सप्ताहांत पर सरसों तेल 16696 रुपये प्रति क्विंटल, मूंगफली तेल 19633 रुपये प्रति क्विंटल, सूरजमुखी तेल 20000 रुपये प्रति क्विंटल, सोया रिफाइंड 15385 रुपये प्रति क्विंटल, पाम ऑयल 13553 रुपये प्रति क्विंटल और वनस्पति तेल 14385 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।



