delhi

किसानों के साथ हो रहा धोखा, ट्रंप टैरिफ पर केजरीवाल ने मोदी सरकार को घेरा, बोले- हमें अमेरिका पर 100% टैरिफ लगाना चाहिए

आप नेता अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भारतीय किसानों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि देश के 90-95% किसानों को पता ही नहीं है कि उनके साथ क्या हुआ है। सरकार ने गुरुवार को शुल्क-मुक्त कपास आयात को तीन महीने के लिए और बढ़ा दिया। अब कपड़ा व्यापारी 31 दिसंबर तक बिना आयात शुल्क के कपास का आयात कर सकते हैं। इससे पहले सरकार ने 19 अगस्त से 30 सितंबर तक यह छूट दी थी। केंद्र सरकार के अनुसार, कपड़ा व्यापारियों को 50% अमेरिकी टैरिफ के बोझ से राहत देने के लिए यह फैसला लिया गया है।

लेकिन भारत सरकार के दावे के विपरीत, केजरीवाल ने कहा कि इस कदम से वास्तव में भारतीय कपास उत्पादकों को नुकसान होगा। केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने हमारी पीठ पीछे कुछ ऐसे फैसले लिए हैं जो पूरे देश के किसानों के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। हाल ही में ट्रंप और अमेरिका के दबाव में ये फैसला लिया गया है कि अमेरिका से जो कपास भारत आता है, उस पर अभी तक 11% ड्यूटी लगती थी… पिछले दिनों मोदी सरकार ने फैसला लिया है कि अमेरिका से आने वाले कपास पर जो 11% ड्यूटी लगती थी, उसे हटा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि अब 19 अगस्त से 30 सितंबर तक, यानी 40 दिनों तक अमेरिका से आने वाले कपास पर कोई ड्यूटी नहीं लगेगी। अब अमेरिका से जो कपास आएगा या आना शुरू हो गया है, वो भारत में भारतीय किसानों के कपास से लगभग औसतन 15-20 रुपये प्रति किलो सस्ता है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 50% टैरिफ लगाया है, तो हमें अमेरिका पर 100% टैरिफ लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी से मांग करते हैं कि कपास पर 11% आयात शुल्क वापस लेने के इस आदेश को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए और अमेरिका से आने वाले कपास पर पुनः 11% आयात शुल्क लगाया जाए और हमारे देश के किसानों को बचाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button