कानपुर: पनकी में कमरे के अंदर चार श्रमिकों के मिले शव, कोयले के धुएं से मौत की आशंका

कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक कमरे में चार श्रमिकों के शव पड़े मिले। कमरे के भीतर एक तसले में कोयले की राख भी मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

साथी मजदूरों के अनुसार, सुबह काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में चारों युवक मृत अवस्था में मिले। अंदर कोयले की राख देखकर प्रारंभिक जांच में यह माना गया कि सर्दी से बचने के लिए उन्होंने कमरे में कोयला जलाया होगा और वेंटिलेशन न होने से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई, जिससे दम घुट गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक युवकों की पहचान संजू सिंह (22), राहुल सिंह (23), अमित वर्मा (32) और दौड़ अंसारी (28) के रूप में हुई है। चारों देवरिया जिले के टोकलपुर गांव के रहने वाले थे और पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ऑयल सीड्स कंपनी में काम करते थे। वे कंपनी परिसर में बने किराए के कमरे में रह रहे थे।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि कोयला जलने से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनती है, जो हवा में मौजूद ऑक्सीजन को खत्म कर देती है। प्रारंभिक तौर पर ऐसा ही प्रतीत हो रहा है कि गैस की अधिकता और ऑक्सीजन की कमी के कारण चारों की मौत हुई। परिवारों को सूचना दे दी गई है और वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।



