कांधला में वोटर लिस्ट फर्जीवाड़ा, समाजवादी पार्टी ने दर्ज कराई FIR

शामली। शामली विधानसभा क्षेत्र के कांधला में समाजवादी पार्टी ने वोटर लिस्ट से पार्टी के समर्थक वोटरों के नाम कटवाने की कथित साज़िश के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पार्टी के ज़िलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कांधला थाने में शिकायत देते हुए कहा कि फार्म-7 के जरिए चिन्हित मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया गया।

जिला-उपाध्यक्ष जावेद जंग ने बताया कि पार्टी के नियुक्त बीएलए तैयब ने सूचना दी कि कांधला के बूथ संख्या 330 पर 347 फार्म-7, बूथ संख्या 331 पर 451 फार्म-7 और बूथ संख्या 334 पर 205 फार्म-7 प्राप्त हुए थे। फार्म वितरित करने के बाद जब मतदाताओं ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई, तो सुपरवाइजर ने बीएलओ को फार्म वापस लेने का निर्देश दिया।

बीएलए ने कहा कि सभी फार्म-7 एक ही नाम से भरे गए हैं, जबकि फार्म जमा करने वाले राजवीर सिंह ने फ़ोन पर कहा कि उन्होंने कोई फार्म-7 नहीं भरा। जानकारी मिली है कि विधानसभा के अन्य बूथों पर भी इसी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर सुधीर पंवार ने आरोप लगाया कि पूरे उत्तर प्रदेश में पार्टी के वोट कटवाने की बड़ी साज़िश चल रही है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए फार्म-7 भरे गए, उनके नाम टाइप किए हुए थे जबकि फार्म भरने वाले का नाम पेन से लिखा गया था।
ज़िलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि FIR के जरिए इस साज़िश में शामिल लोगों का पता लगाया जाएगा और उनके खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि पूरे मामले से प्रदेश कार्यालय को अवगत कराकर उच्च स्तर पर जांच कराई जाएगी।



