राज्य
करंट लगने से विद्युत कर्मचारी की मौत
विवेक विहार में हुआ हादसा, शटडाउन के बावजूद चालू थी लाइन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को दी सूचना


शामली। शहर के विवेक विहार में विद्युत लाइन ठीक करने पहुंचे एक लाइनमैन करंट लगने से खंबे से नीचे जा गिरा। सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारी लाइनमैन को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही आदर्श मंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर परिजनों को मामले की सूचना दी। लाइनमैन की मौत से परिजनों में भी कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार झिंझाना क्षेत्र के गांव अलीनगर निवासी कपिल पुत्र ओमप्रकाश विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जाता है कि बुधवार की शाम शहर के विवेक विहार में विद्युत लाइन खराब होने की सूचना पर कपिल अपने एक अन्य साथी सन्नी के साथ वहां पहुंचा था। कपिल ने फोन कर शट डाउन लिया था, जैसे ही वह खंबे पर चढा और तार पकडने का प्रयास किया, इसी दौरान कपिल को बिजली का तेज करंट लगा जिसके बाद कपिल खंबे से नीचे जा गिरा। यह दृश्य देखकर सन्नी ने मामले की सूचना तुरंत विद्युत अधिकारियों को दी जिस पर अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दौरान मौके पर भारी भीड जमा हो गयी। अधिकारी कपिल को लेकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना पर आदर्श मंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को सूचना दी जिससे परिजनों में भी कोहराम मच गया। परिजन रोते बिलखते शामली पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल में मौजूद थे।



