राज्य

कब्रिस्तान की भूमि पर किए गए कब्जे पर चला बाबा का बुल्डोजर

एसडीएम शामली व राजस्व विभाग की टीम ने ध्वस्त कराया अतिक्रमण

थानाभवन। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद अवैध रूप से कब्जाई गई भूमि पर बुल्डोजर चलना शुरू हो गया है। गुरुवार को कस्बा थानाभवन में कब्रिस्तान की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन के बुल्डोजर ने ध्वस्त कर डाला। प्रशासन की इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में खलबली मची हुई है। शासन के निर्देश पर प्रशासन क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जा कर उस पर प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ भी अब कडी कार्रवाई करने के मूड़ में नजर आ रहा है। ऐसे अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ एंटी भूमाफिया की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी सरकार आने के बाद भूमाफियाओं द्वारा अवैध रूप से कब्जाई गई सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने का अभियान शुरू कर दिया गया हैं। चर्चाओं में छाए बुल्डोजर भी अवैध निर्माण को ध्वस्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गुरुवार को कस्बा थानाभवन स्थित कब्रिस्तान में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को प्रशासन के बुल्डोजर ने ध्वस्त कर डाला। एसडीएम शामली ब्रजेश कुमार राजस्व विभाग की टीम व बुल्डोजर के साथ कब्रिस्तान की भूमि पर पहुंचे तथा वहां किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त करा दिया। एसडीएम ने बताया कि थानाभवन की कालरू पट्टी स्थित कब्रिस्तान में करीब 1300 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध कब्जा करने की सूचना मिली थी। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत करीब 200 वर्ग मीटर पर किए गए कब्जे को बुल्डोजर से हटवा दिया गया। उन्होंने बताया कि सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एंटी भूमाफिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कालरू पट्टी में ही हडवाडो की 510 वर्ग मीटर सरकारी भूमि पर कब्जा किया गया था जिसे बुल्डोजर से हटवा दिया गया। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन द्वारा अन्य स्थानों पर भी सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को हटवाने की तैयारी कर रहा है, जल्द ही उन पर भी बुल्डोजर चलाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा, साथ ही कब्जा करने वालों को नोटिस जारी कर एंटी भूमाफिया कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम व राजस्व विभाग की टीम की इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में खलबली मची हुई है। दूसरी ओर शासन के निर्देश पर प्रशासन क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कब्जा कर उस पर प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ भी अब कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है। ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ एंटी भूमाफिया की कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।
कब्रिस्तान की भूमि का ही कर डाला बैनामा
थानाभवन। इस पूरे मामले में हैरत की बात यह है कि कब्रिस्तान की जगह में प्रधानमंत्री आवास योजना से भी मकान बनाए गए हैं, भूमाफियाओं के हौंसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने कब्रिस्तान की भूमि का भी बैनामा कर डाला। इसी भूमि पर अवैध रूप से एक टावर भी लगा हुआ है, वहीं नगर पंचायत भी अतिक्रमण के इस मामले में पीछे नहीं है, उसने भी कब्रिस्तान में बनाए गए मकानों पर हाउस टैक्स लगाया है। सूत्रों के अनुसार थानाभवन में ऐसे मामले काफी तादाद में है, रेलवे स्टेशन के निकट कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग की यह योजना ऐसे ही अमल में नहीं आई, इसमें नगर पंचायत के जिम्मेदार से लेकर कस्बे के कई सफेदपोश लोग भी शामिल हैं, जिससे ऐसी जगह पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया जाता है, भूमाफिया भोले भाले लोगों को ऐसी जगह पर कालोनी काटकर प्लाट बेच देते हैं लेकिन मुसीबत आने के बाद खुद तो बच निकलते हैं लेकिन मुसीबत प्लाट खरीदने वालों की आ जाती है। कई मामलों में शामिल ऐसे लोगों की गिरेबान तक कानून के हाथ नहीं पहुंच पाते थे और वह सरकारी भूमि पर कब्जा कर लेते थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button