कचरे में छिपाकर रखे गहने व कैश चोरी कर ले गए चोर

फतेहाबाद। चोरों ने भट्टूकलां में एक मकान में घुसकर कचरे के नीचे छिपाकर रखे गए गहने व नकदी चोरी कर ले गए। इस बारे सूचना मिलते ही भट्टूकलां पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में भट्टूकलां निवासी संतोष ने कहा है कि गत दिवस वह अपने गांव उलाहाना कलां जिला पानीपत गई हुई थी।

पीछे से अज्ञात चोरों ने उसके मकान के ताले तोड़ दिए। जब उसे मकान के ताले टूटे होने की सूचना मिली तो वह वापस घर आ गई। घर पहुंचने पर उसने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। उसने पौडिय़ों के पास कचरे से भरे पॉलीथीन के नीचे नकदी व जेवर रखे हुए थे। उसने पाया कि अज्ञात चोर वहां से 19435 रुपये के अलावा 5 सोने की अंगूठियां, 4 जोड़ी पांजेब, 4 नोज पिन, चांदी के कड़े गायब थे। इस अवसर पर उसने आसपास तलाश की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




