एयरपोर्ट पर थाई तस्कर दबोचा: चार आंखों वाले कछुए, ग्रीन ट्री पाइथन… 22 दुर्लभ जीव छुड़ाए
एक सियामंग गिब्बन (इंडोनेशिया और मलेशियाई बंदर), दो सुंडा फ्लाइंग लेमर्स, एक लाल पैर वाला कछुआ, 5 इंडो चेन बॉक्स कछुए, 9 चार आंखों वाले कछुए, एक कील्ड बॉक्स कछुआ, 2 ग्रीन ट्री पाइथन और एक सफेद होंठ वाला अजगर बरामद किया गया है।

चेन्नई एयरपोर्ट पर जांच अधिकारियों ने थाईलैंड के एक यात्री के पास दुर्लभ जीव बरामद किए हैं। उस यात्री से ये जानवर लेने आए एक अन्य व्यक्ति को एयरपोर्ट के बाहर गिरफ्तार किया गया है। दोनों ही दुर्लभ जानवरों की तस्करी में शामिल थे। एयरपोर्ट पर गिरफ्तार थाईलैंड से आए मोहम्मद मीरा सरधराली से 22 वन्यजीव प्रजातियां जब्त की गई। इनमें एक सियामंग गिब्बन (इंडोनेशिया और मलेशियाई बंदर), दो सुंडा फ्लाइंग लेमर्स, एक लाल पैर वाला कछुआ, 5 इंडो चेन बॉक्स कछुए, 9 चार आंखों वाले कछुए, एक कील्ड बॉक्स कछुआ, 2 ग्रीन ट्री पाइथन और एक सफेद होंठ वाला अजगर बरामद किया गया है।

एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि जब्ती के बाद, प्रजाति प्राप्त करने का इंतजार कर रहे व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीमा शुल्क अधिकारियों ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो और वन्यजीव वार्डन के अधिकारियों के साथ खुफिया जानकारी साझा की। उन्होंने कोलाथुर में एक ठिकाने पर छापा मारा और एक भारतीय छत वाला कछुआ, ट्राइकैरिनेट पहाड़ी कछुआ और काला तालाब कछुआ सहित कई प्रजातियों को जब्त किया।




