Uncategorized
Trending
एक दिन की राहत के बाद गर्मी ने फिर दिखाया रंग, गर्मी के चलते लोग रहे परेशान
मौसम में अचानक हुए परिवर्तन व तेज हवाएं चलने से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी वहीं सोमवार को एक बार फिर गर्मी ने लोगों को परेशान करके रख दिया।

शामली। रविवार को मौसम में अचानक हुए परिवर्तन व तेज हवाएं चलने से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी वहीं सोमवार को एक बार फिर गर्मी ने लोगों को परेशान करके रख दिया। गर्मी के कारण लोग पसीना से तर बतर नजर आए। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं को भी गर्मी में घरों को लौटना पडा। धूप से बचाव के लिए महिलाएं सिर व मुंह को ढककर जाती नजर आई, कई महिलाओं ने छाते लगाकर धूप से बचाव किया। जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से पड रही भीषण गर्मी ने आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। अप्रैल में गर्मी ने ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था, अब मई की शुरूआत हो गयी है जिससे गर्मी के और ज्यादा बढने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि शनिवार की रात मौसम में अचानक परिवर्तन हुआ था जिसके बाद रविवार को तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली थी लेकिन सोमवार को एक बार फिर गर्मी ने अपना रंग दिखाया, तापमान में फिर बढोत्तरी होने से लोग गर्मी में मुहाल नजर आए, गर्मी ऐसी थी कि लोगों का पसीना नहीं सूख पाया, वहीं तेज धूप ने भी लोगों को परेशान किए रखा। दोपहर के समय स्कूल से लौटने वाले छात्र-छात्राएं भी पसीनों में भीगे नजर आए। वहीं शहर में कई जगह जाम के हालात बने रहने से स्कूली वाहनों में सवार छोटे-छोटे बच्चे भी बिलबिलाते दिखाई दिए। धूप से बचाव के लिए लोगों को सिर व मुंह पर कपडा लपेटकर जाना पडा वहीं महिलाओं ने छातों का सहारा लिया लेकिन ज्यादा राहत नहीं मिल पाई। लोगों का कहना है कि मई व आगामी माह में गर्मी का असर और बढेगा।

