उप्र में एसआईआर : एक करोड़ से ज्यादा मतदाताओं को नोटिस जारी, दो घंटे बूथ पर बीएलओ के रहने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत अब तक 1.09 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इनके फार्म में कई प्रकार की विसंगतियां पायी गई हैं। इसी क्रम में कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किये जाने हैं, जिनमें ‘नो मैपिंग’ और ‘तार्किक विसंगतियां’ शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार काे बताया कि सुनवाई केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और शहरी क्षेत्रों में अवकाश के दिनों में भी सुनवाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में ‘नो मैपिंग’ के 1.04 करोड़ और ‘तार्किक विसंगतियों’ के 2.22 करोड़ सहित कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने वाले हैं। इसी क्रम में अब तक लगभग 1.09 करोड़ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिस देने के साथ साथ बीएलओ स्तर से सुनवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है;

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित सूचियां प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराई जाएं। तहसील, पंचायत भवन, वार्ड कार्यालय जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सूची चस्पा कराएं ताकि लोग आसानी से देख सकें। सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट और जिलेवार वेबसाइटों पर भी उपलब्ध हैं। मतदाता यहां से सूची देखने के साथ साथ डाउनलोड भी कर सकते हैं।
दो घंटे अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे बीएलओ
सीईओ ने बताया कि मतदाता सहायता केंद्रों पर बीएलओ को प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। उनका रहना अनिवार्य है। यहां फार्म-6, 7, 8 और घोषणा-पत्र उपलब्ध रहेंगे। सूची प्रदर्शित होने की तिथि से 10 दिन के भीतर संबंधित मतदाता अपने अभिलेख या आपत्ति व्यक्तिगत रूप से या अधिकृत प्रतिनिधि के जरिये जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।



