उत्तर प्रदेश: होली पर सरकारी कर्मचारियों और छात्रों की मौज, चार दिन के ‘लॉन्ग वीकेंड’ के साथ एडवांस वेतन का तोहफा

लखनऊ।उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने होली के त्योहार को देखते हुए प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश जारी किया है कि इस वर्ष होली के अवसर पर प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर लगातार तीन दिनों तक बंद रहेंगे। आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार, 2, 3 और 4 मार्च को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
चूंकि 1 मार्च को रविवार है, इसलिए प्रदेश में लगातार चार दिनों तक अवकाश का माहौल रहेगा। हालांकि, छुट्टियों के इस लंबे अंतराल को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में एक विशेष बदलाव किया गया है। शनिवार, 28 फरवरी 2026 को कार्यदिवस घोषित किया गया है, ताकि वेतन संबंधी प्रक्रियाएं और जरूरी विभागीय कार्य समय से पूरे किए जा सकें। इसके बदले में सरकार ने 3 मार्च को विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है, जिससे कर्मचारियों को अपने पैतृक निवास जाने और त्योहार मनाने में सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की आर्थिक खुशियों का ध्यान रखते हुए यह भी निर्देश दिया है कि फरवरी माह का वेतन होली से पहले ही जारी कर दिया जाए। यह आदेश केवल नियमित कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि आउटसोर्सिंग कर्मियों, संविदाकर्मियों और सफाई कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू होगा। सीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वेतन भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैंकिंग सेवाओं को लेकर भी प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। सरकारी आदेश और बैंक कैलेंडर के अनुसार, 2 से 4 मार्च तक बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन इस दौरान एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। स्कूलों में भी 1 से 4 मार्च तक अवकाश रहने से बच्चों और शिक्षकों को लंबी छुट्टी मिल गई है। सरकार के इस कदम से करीब 17 लाख नियमित और लाखों अस्थाई कर्मचारियों के परिवारों में उत्साह का माहौल है।



