uttar pradesh

उत्तर प्रदेश के बलिया में मुठभेड़ के बाद दो वांछित बदमाश गिरफ्तार

बलिया जिले की बैरिया और सिकन्दरपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ में हत्या के एक आरोपी सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पहली मुठभेड़ बुधवार देर रात लगभग एक बजे बैरिया में हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रिसाल राय में चांददीयर जयप्रकाश नगर बंधा सड़क मार्ग पर जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल से आ रहे व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की गति तेज कर दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मोटरसाइकिल का पीछा कर उसे घेर लिया लेकिन तभी चालक ने जान से मारने के इरादे से गोली चला दी जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान मोटरसाइकिल चालक के दाहिने पैर में गोली लगी।

पुलिस अधीक्षक सिंह के मुताबिक, मोटरसाइकिल चालक की पहचान बैरिया थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी धर्मेन्द्र यादव (28) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि यादव 14 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत दर्ज किए गए हत्या के एक मामले में वांछित था और कथित तौर पर बिहार भागने की कोशिश कर रहा था।

सिंह ने बताया कि दूसरी मुठभेड़ बृहस्पतिवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे सिकन्दरपुर में उस समय हुई जब पुलिस ने खरीद नदी रोड के पास एक अन्य मोटरसाइकिल को रोका।

उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार ने भागने की कोशिश की लेकिन वह फिसल गया और पुलिस द्वारा घेर लिए जाने पर उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। सिंह ने बताया कि उसकी पहचान सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी शमीम कुरैशी उर्फ सोनू (23) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि शमीम के खिलाफ सिकंदरपुर थाने में कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके पास से देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया है। सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button