देश

आगरा में सेवा निवृत दरोगा पर बेटी की हत्या का आरोप,प्रेमी ने दर्ज कराया मुक़द्दमा, कंकाल बरामद

आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत दरोगा ने प्रेम संबंध से नाराज होकर अपनी बेटी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को यमुना नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपित पिता की निशानदेही पर यमुना किनारे से मृतका के शव अवशेष बरामद किए हैं। मृतका के प्रेमी ने आगरा में दरोगा और परिजनों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है।

घटना आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र की है, जहां विनायक गार्डन निवासी रनवीर सिंह यादव (65) उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के पद से सेवानिवृत हो चुके हैं। उनकी पुत्री कु0 अंशु यादव(35) अपने पड़ोसी युवक से प्रेम करती थी और उससे विवाह करना चाहती थी। रनवीर और परिवार के अन्य सदस्य इस रिश्ते से नाखुश थे। युवती के बार-बार समझाने पर भी न मानने पर परिजनों ने मिलकर अंशु की गला दबा कर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे जनपद इटावा ले जाकर यमुना नदी में फेंक दिया। रनवीर ने थाना मलपुरा में अपनी पुत्री के गायब हो जाने के संबंध में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसमें 30 अक्टूबर 2025 से लड़की का कोई पता न चलने की बात कही गई है।

इस मामले का का खुलासा तब हुआ जब अंशु के प्रेमी अनुराग यादव ने पुलिस को अंशु के कुछ पुराने वीडियो दिखाते हुए अंशु की हत्या के लिए उसके पिता रनवीर को ही जिम्मेदार बताया। इन वीडियो में अंशु ने परिजनों पर अपनी हत्या की आशंका की बात कही गई है।

पुलिस द्वारा लड़की को ढूंढने के काफी प्रयास करने के बाद भी कोई सफलता न मिलने पर शक की सुई पिता की तरफ भी गई,जिसकी पुष्टि प्रेमी अनुराग यादव ने कर दी। अनुराग यादव की तहरीर पर थाना मलपुरा में रविवार देर शाम अभियोग पंजीकृत किया गया है। पिता रनवीर,साले और कुछ अन्य परिजनों सहित नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। जब मृतका के पिता रनवीर और अन्य से कड़ाई से पूछताछ की गई तो वे टूट गये और घटनाक्रम को सिलसिलेवार बताया कि बेटी अंशु के पड़ोस में रहने वाले और दूर के भतीजे अनुराग यादव से प्रेम संबंध थे तथा विवाह करना चाहती थी। जिसको हम लोग पसंद नहीं करते थे और कई बार समझाया भी लेकिन वो नहीं मानी। तो उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शव को छुपाने और फेंकने के लिए रनबीर अपनी ससुराल जसवंत नगर (इटावा) पहुंचा जहां ससुराली जनों की मदद से यमुना नदी के किनारे ले जाकर शव को फेंक दिया। शव नदी में न जाकर झाड़ियां में अटक गया।

रविवार रात आगरा से थाना मलपुरा पुलिस एसडीआरएफ टीम, और इटावा की थाना बढ़पुरा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रनवीर की निशानदेही पर जनपद इटावा के थाना बढ़पुरा अंतर्गत ग्वालियर बाईपास पर ग्राम सुनवारा के निकट यमुना नदी के किनारे से झाड़ियां में फंसा हुआ मानव कंकाल शव अवशेष के रूप में बरामद कर आगरा लाया गया। शव काफी पुराना होने के कारण केवल कंकाल रह गए हैं। इसलिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

सोमवार को थाना मलपुरा प्रभारी विनोद मिश्रा द्वारा बताया गया कि रनवीर सिंह की निशानदेही पर इटावा से एक शव कंकाल बरामद किया गया है जो मृतका अंशु यादव का बताया जा रहा है। इसका डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस संबंध में मृतका के पिता सहित नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस इस मामले में अन्य परिजनों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button